Lucknow Super Giants: 'रख हौसला वो मंजर भी आएगा, प्यासे के पास चलकर समंदर भी आएगा, थककर ना बैठ ए मंजिल के मुसाफिर, मंजिल भी मिलेगी और मिलने का मजा भी आएगा।' आईपीएल 2026 में एक ऐसा गेंदबाज अपनी शानदार गेंदबाजी से दिल जीत रहा है, जिसके लिए एक समय पर अपना हाथ कटने से बचाने की चुनौती थी। मगर इतिहास गवाह है कि किस्मत भी बहादुर का साथ देती है। इस गेंदबाज का नाम है मोहसिन खान।
मोहसिन खान की आईपीएल में एंट्री साल 2018 में हुई थी। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था। वह मुंबई इंडियंस के साथ तीन सीजन रहे, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, इस दौरान घरेलू क्रिकेट में वह अपने प्रदर्शन से लगातार छाप छोड़ते रहे। इसके बाद आया साल 2022। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मोहसिन पर भरोसा दिखाया और उन्हें 20 लाख में खरीदा।
एलएसजी के खेमे को मोहसिन में कुछ खास बात नजर आई और उत्तर प्रदेश के संभल में जन्मे इस तेज गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में मौका दिया। मोहसिन भी टीम की उम्मीदों पर एकदम खरे उतरे। उन्होंने आईपीएल 2022 में खेले 9 मुकाबलों में 14 विकेट चटकाए। इस दौरान उनका इकोनॉमी महज 5.97 का रहा।