आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच रविवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। इस रोमांचक मैच से पहले आरसीबी के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर विक्की ओस्तवाल ने आईएएनएस से खास बातचीत की। विक्की ने कहा कि यह बहुत अच्छी फ्रेंचाइजी है और मैं यहां आकर बहुत उत्साहित हूं।
विक्की ओस्तवाल ने कहा, "आरसीबी के लिए मेरा पहला सीजन है। इससे पहले, मैं तीन साल तक दिल्ली कैपिटल्स के साथ था। मैंने आरसीबी के बारे में बहुत सुना था कि यह एक बहुत अच्छी फ्रेंचाइजी है। उन्होंने पिछले साल ट्रॉफी जीती थी। टीम का माहौल अच्छा है। यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। हमारे पास विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ी हैं। मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है। मैं यहां आकर बहुत खुश और उत्साहित हूं।"
विराट से मुलाकात के बारे में विक्की ने कहा, "मेरे लिए, उन्हें पहली बार देखना अजीब था। पहली मीटिंग में मुझमें उनसे बात करने की हिम्मत नहीं थी। जैसे-जैसे हम साथ में प्रैक्टिस करते गए, मैंने उनसे अपनी गेंदबाजी के बारे में बहुत बात की। मैंने यह समझने की कोशिश की कि टी20 में गेंदबाजी करते समय मुझे कैसी सोच रखनी चाहिए। वह गेंदबाजों को काउंटर करने के लिए क्या करते हैं। एक गेंदबाज बल्लेबाज को काउंटर करने के लिए क्या कर सकता है। वह इस बारे में मेरी बहुत मदद कर रहे हैं।"