टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला आज शाम 7 बजे से खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले ही मंदिरों में भारतीय टीम की जीत के लिए अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ और बनारस और बिहार के पटना में मंदिरों में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जीत के लिए यज्ञ किए जा रहे हैं और बाबा से सभी क्रिकेट प्रेमी सिर्फ जीत की कामना कर रहे हैं।
क्रिकेट प्रेमियों ने वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के मैच से पहले भारत की जीत के लिए प्रार्थना की। घाट पर हवन और सभी देवी-देवताओं का आह्वान किया गया और भगवान शिव की आरती की गई। पूजा में शामिल हुए क्रिकेट प्रेमी ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हम भारतीय टीम की जीत पक्की करने के लिए घाट पर आए हैं। हमने भगवान शिव और मां गंगा से जीत की प्रार्थना की है कि पाकिस्तान परास्त हो और भारत की विजय हो।