Royal Challengers Bengaluru: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सीएसके को 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। सीजन के तीसरे मैच में सीएसके की यह तीसरी हार थी। मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर आरोन फिंच और अंबाती रायुडू ने सीएसके की रणनीति पर सवाल उठाए।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने ईएसपीएनक्रिकइंफो पर सीएसके की रणनीति और ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक कप्तान के तौर पर उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। यहां समस्या सिर्फ योजना की नहीं बल्कि उसे ठीक से लागू करने की भी थी। योजना और कार्यान्वयन दोनों असफल हो तो टीम के लिए चिंता का विषय बन जाता है।
फिंच ने खासतौर पर जेमी ओवरटन की गेंदबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार राउंड द विकेट गेंदबाजी करते रहे, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा कि प्लान बदलना चाहिए। ऐसे दबाव वाले हालात में कप्तान और टीम को तुरंत फैसले लेने की जरूरत होती है।