Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है। जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच खेला गया रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 का खिताबी मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। हालांकि, पहली पारी में बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर चैंपियन बनी। टीम के चैंपियन बनते ही जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) के हेड अनिल गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को फोन करके इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।
अनिल गुप्ता ने तिरुवनंतपुरम में मौजूद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को पूरे उत्साह के साथ फोन किया। उन्होंने कहा, "डॉक्टर साहब, हम जीत गए।" जम्मू कश्मीर ने 67 साल का सूखा खत्म करते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी के खिताब को अपने नाम किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जम्मू-कश्मीर की इस जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने पर बधाई। यह ऐतिहासिक जीत टीम के धैर्य, अनुशासन और जुनून को दिखाती है। यह जम्मू और कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का पल है और यह वहां बढ़ते खेल के जुनून और टैलेंट को दर्शाता है। उम्मीद है कि यह कामयाबी कई युवा खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और खेलने के लिए प्रेरित करेगी।"