Gujarat Titans: मुंबई इंडियंस (एमआई) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच सोमवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने सीजन का पहला विकेट लिया। बुमराह ने अपना विकेट पारी की पहली गेंद पर ही लिया। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और पूर्व में आईपीएल में एमआई के लिए खेल चुके मिशेल मैक्लेनाघन ने बुमराह को पारी का पहला ओवर देने के लिए एमआई कप्तान हार्दिक पांड्या की तारीफ की।
जियोस्टार एक्सपर्ट मिशेल मैक्लेनाघन ने स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर कहा कि एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या का जसप्रीत बुमराह को पहला ओवर देने का फैसला मास्टरस्ट्रोक था।
मैक्लेनाघन ने कहा, "हम कई मैचों से यही चाहते थे। एमआई के लाइनअप में कोई दूसरा गेंदबाज नई गेंद से प्रभाव नहीं छोड़ पा रहा था, इसलिए उन्हें बुमराह को एक अटैकिंग वेपन के तौर पर इस्तेमाल करने की जरूरत थी। उन्होंने शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग साझेदारी को तोड़ने के लिए पहले तीन ओवर में उनका इस्तेमाल किया, और बुमराह ने अच्छा किया। जीटी रन बनाने के लिए अपनी ओपनिंग जोड़ी पर बहुत ज्यादा निर्भर है। एक बार जब वह साझेदारी टूट जाती है, तो वे संघर्ष करते हैं क्योंकि उनका मध्यक्रम मजबूत नहीं है।"