भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार स्पिनर और पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से मुलाकात कर अमृतसर एयरपोर्ट के विस्तार की मांग की है।
हरभजन सिंह ने श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर के विस्तार की मांग करते हुए कहा कि कनाडा, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के लिए सीधी उड़ानों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। साथ ही अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नया आधुनिक टर्मिनल भवन भी बनाया जाना चाहिए। हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब से इंटरनेशनल कनेक्टिविटी की मांग अभी भी बहुत ज्यादा है और इसे बेहतर एयर लिंक के जरिए पूरा करने की जरूरत है। सीधी उड़ानों के अभाव में यात्रियों को दिल्ली जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।