Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के युवा तेज गेंदबाज रासिख सलाम डार टीम की जीत में योगदान देकर काफी खुश हैं। रासिख का कहना है कि वह आगे भी इसी तरह का प्रदर्शन करते रहना चाहते हैं। बुधवार को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी की भिड़ंत लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ होनी है।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में रासिख सलाम का प्रदर्शन गेंद से शानदार रहा था। उन्होंने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर नमन धीर का विकेट अपने नाम किया था। आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 रनों से जीत दर्ज की थी और इस समय टीम प्वाइंट्स टेबल पर 6 प्वाइंट के साथ तीसरे नंबर पर काबिज है।
एलएसजी के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए रासिख ने कहा, "मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत हमारे लिए महत्वपूर्ण थी और एक टीम के तौर पर हम काफी आत्मविश्वास महसूस कर रहे हैं। हमारी भूमिकाएं और हमें क्या करना है, इस बारे में हमारे विचार बिल्कुल स्पष्ट हैं, और हम बुधवार को अपने घरेलू मैदान पर खेलने के लिए बहुत उत्साहित हैं।"