New Delhi: आईपीएल 2026 का 31वां मुकाबला मंगलवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच खेला जाएगा। डीसी के लिए ओपनिंग बल्लेबाजी परेशानी का कारण रही है। हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली पृथ्वी शॉ को मौका दे सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सीजन में पारी की शुरुआत केएल राहुल के साथ श्रीलंका के पथुम निसांका कर रहे हैं। पिछले 5 मैचों में निसांका एक भी बड़ी और विस्फोटक पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। उनके नाम एक भी अर्धशतक नहीं है। निसांका 5 मैचों की 5 पारियों में 128 रन बना पाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 44 रहा है। उनकी असफलता से डीसी की शुरुआत तो खराब हो ही रही है, मध्यक्रम और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ रहा है।
हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में डीसी पथुम निसांका की जगह पृथ्वी शॉ को मौका दे सकती है। शॉ को सीजन के पहले मैच का इंतजार है। 26 साल के शॉ एक विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार सक्रिय शॉ के पास आईपीएल का लंबा अनुभव है। वह लंबे समय से डीसी के साथ जुड़े हुए हैं। आईपीएल 2025 में शॉ को किसी टीम ने नहीं खरीदा था, लेकिन आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में डीसी ने एक बार फिर से शॉ पर भरोसा जताया और उन्हें 75 लाख में खरीदा।