Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) की भिड़ंत गुरुवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ हो रही है। वानखेड़े के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 195 रन बनाए। क्विंटन डी कॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रयान रिकेल्टन को सिर्फ 2 रनों के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने आउट किया। अगली ही गेंद पर अर्शदीप ने सूर्यकुमार यादव को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। हालांकि, इसके बाद क्विंटन डी कॉक और नमन धीर ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 68 गेंदों में 122 रनों की साझेदारी निभाई।
नमन ने 31 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 161 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 3 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, डी कॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल में अपना तीसरा शतक लगाया। डी कॉक ने 60 गेंदों का सामना करते हुए 112 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने इस पारी में 186 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए।