Lucknow Super Giants: भारत के पूर्व विकेटकीपर सबा करीम का मानना है कि ऋषभ पंत आईपीएल 2026 में रनों के लिए इसलिए संघर्ष कर रहे हैं, क्योंकि वह अभी तक व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का सही तरीका (टेम्पलेट) तय नहीं कर पाए हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान पंत का बल्ला बुधवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी खामोश रहा। पंत बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। एलएसजी को इस सीजन की लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। पंत ने आईपीएल 2026 में खेली 7 पारियों में 132.43 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 147 रन बनाए हैं।
सबा करीम ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' के साथ बात करते हुए कहा, "एक आधुनिक टी20 बल्लेबाज को अपना खुद का टेम्पलेट ढूंढना जरूरी होता है। श्रेयस अय्यर और रजत पाटीदार के पास अपना टेम्पलेट मौजूद है। अगर रजत पाटीदार इस तरह की पिच पर बल्लेबाजी करते, तो मुझे यकीन है कि उनके मन में यह बात क्लियर होती कि वह बड़े शॉट खेलेंगे और उन्हें ऐसा करने का भरोसा होता। ऋषभ पंत की समस्या यह है कि उन्हें अभी तक व्हाइट-बॉल क्रिकेट के लिए अपना टेम्पलेट नहीं मिला है। यह सिर्फ टी20 की ही बात नहीं, बल्कि वनडे में भी उनका यही हाल है। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में वह जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं, उसे देखकर लगता है कि क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में उनके सोचने के तरीके में ज्यादा पारदर्शिता है।"