ICC T20 World Cup: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2026 के आगाज से पहले बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना आईपीएल 2026 के शुरुआती दौर में नहीं खेल पाएंगे और वह अप्रैल के मध्य में ही उपलब्ध हो पाएंगे। केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने इस बात की जानकारी दी है।
मथीशा पथिराना पिंडली में खिंचाव के कारण टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए थे। पथिराना अभी श्रीलंका क्रिकेट की देखरेख में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं। पथिराना टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सिर्फ 3 ही मैच खेल पाए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मुकाबले के दौरान चोट के चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। पथिराना का शुरुआती दौर से बाहर होना केकेआर के लिए बड़ा झटका है।
केकेआर की सीजन की शुरुआत से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिषेक नायर ने कहा, "मथीशा पथिराना को लेकर हमें जो ताजा जानकारी मिली है, उसके हिसाब से वह फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ हैं और उनकी देखरेख में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं। हमें मिली जानकारी के अनुसार, पथिराना मध्य अप्रैल तक मैच खेलने के लिए फिट हो जाएंगे। अभी तक हमारे पास यही जानकारी है।"