इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। आगामी सीजन की शुरुआत से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के हेड कोच जस्टिन लैंगर और क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी ने मंगलवार को अपने घरेलू मैदान भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैदानकर्मियों को जर्सी भेंट की।
एलएसजी की टीम आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर करेगी। इसके बाद टीम अपना अगला मुकाबला 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। आईपीएल 2026 के पहले चरण के शेड्यूल के मुताबिक, लखनऊ सुपर जायंट्स को 4 मैच खेलने हैं। ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी 9 अप्रैल को ईडन गार्डन्स के मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। वहीं, 12 अप्रैल को टीम का सामना घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस से होगा।
लखनऊ टीम की तैयारियां जोरों पर हैं। कई खिलाड़ी टीम के कैंप से जुड़ चुके हैं और जमकर ट्रेनिंग कर रहे हैं। ऋषभ पंत और मोहम्मद शमी के भी जल्द कैंप से जुड़ने की उम्मीद है। लैंगर और मूडी के मैदानकर्मियों को भेंट की गई नई जर्सी की तस्वीरें शेयर करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "हमारे मैदानकर्मियों के लिए, सीधे हमारे दिल से।"