Chennai Super Kings: मुंबई इंडियंस (एमआई) ने शनिवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 44वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टॉस के दौरान फैंस को निराशा जरूर हाथ लगी है, क्योंकि उनके पसंदीदा महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
शनिवार को खेले जा रहे इस मैच में टॉस जीतने के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। यह एक अच्छी पिच लग रही है। जिस तरह से हमने पिछले मैच में बल्लेबाजी की थी, हम अपने बल्लेबाजों को रन बनाने का एक और मौका देना चाहते हैं। हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना होगा और देखना होगा कि क्या होता है। माहौल अच्छा रहा है, यह चुनौतीपूर्ण भी रहा है। हमें संघर्ष करना होगा। कुल मिलाकर अच्छा क्रिकेट खेलना है। 40 ओवरों में, हमने 2-3 ओवरों में ही मैच गंवा दिया, जो कि बड़े निर्णायक पल थे। लेग स्पिनर (रघु शर्मा) अपना पहला मैच खेल रहे हैं।"
दूसरी ओर, सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करना चाह रहे थे। विकेट अच्छा दिख रहा है। यह थोड़ा सूखा है, जिसमें ज्यादा बदलाव नहीं आएगा। पिछले मैच में बल्लेबाजी के लिए यह एक मुश्किल पिच थी। आत्मविश्वास के मामले में हर कोई बहुत ऊपर है। अपने प्रोसेस पर टिके रहें, नतीजा जरूर मिलेगा। (रामकृष्ण) घोष, गुरजपनीत सिंह की जगह आए हैं और प्रशांत वीर, अकील हुसैन की जगह आए हैं।"