Royal Challengers Bengaluru: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 57वें मुकाबले में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में बारिश के चलते टॉस शाम 7 बजे के बजाय रात 8.30 बजे हो सका, जबकि मैच रात 8:45 बजे शुरू होगा। शाम को हुई भारी बारिश के बावजूद, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ओवरों में कटौती नहीं होगी।
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। मुझे लगता है कि यह वैसी ही विकेट है जिस पर हमने पिछला मैच खेला था। यह उसी तरह से बर्ताव करेगी। हम उन्हें दबाव में रखने की कोशिश करेंगे। मुझे लगता है कि विकेट काफी हद तक एक जैसी हैं। इसमें उछाल अलग-अलग तरह का होगा। सभी का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। हर मैच महत्वपूर्ण होता है, हम अच्छा क्रिकेट खेलने पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। शेफर्ड की जगह वेंकी (वेंकटेश अय्यर) टीम में आए हैं।"
वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "पिछले चार मैच हमारे लिए अच्छे रहे हैं। हमें एक समय में एक मैच पर ध्यान देना है। वरुण इस मैच से बाहर हैं, उनकी जगह सौरभ टीम में आए हैं।"