आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए केकेआर को इस मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
आईपीएल 2026 में खराब शुरुआत के बाद केकेआर की गाड़ी जीत की पटरी पर लौट चुकी है। टीम ने अपने पिछले चार मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में फिन एलन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 100 रनों की दमदार पारी खेली थी।
वहीं, कैमरून ग्रीन ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया था। वहीं, गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और अनुकूल रॉय बेहतरीन लय में दिखाई दिए हैं। सुनील नरेन इस सीजन काफी किफायती रहे हैं और उन्होंने अहम मुकाबले पर टीम को विकेट भी दिलाए हैं। केकेआर ने अब तक 10 मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को सिर्फ 4 में ही जीत मिली है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए केकेआर को अपने बचे हुए सभी मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करना होगा।