Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के 9वें मुकाबले में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) को 6 रनों से हराया। आरआर से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी। यह राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है।
211 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत जोरदार रही। कुमार कुशाग्र और साई सुदर्शन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.6 ओवर में 78 रन जोड़े। कुशाग्र ने 18 रन बनाए। वहीं, सुदर्शन बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 44 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। सुदर्शन ने अपनी इस पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए। जोस बटलर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 14 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 4 रन ही बना सके। राहुल तेवितिया 6 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शाहरुख खान ने 4 गेंदों में 11 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने 30 गेंदों में 43 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। राशिद ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि रबाडा ने 16 गेंदों में 23 रन बनाकर नाबाद रहे। आखिरी के दो ओवर में जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने शानदार गेंदबाजी की। राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में रवि बिश्नोई ने 4 ओवर के स्पेल में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, नांद्रे बर्गर और तुषार देशपांडे ने एक-एक विकेट चटकाया।