चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने आईपीएल 2027 ट्रेडिंग विंडो की सबसे बड़ी डील की है। इस बड़े ट्रेड के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स सीएसके में जाएंगे जबकि भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से जुड़ेंगे।
इस ट्रेड से दोनों टीमों के कॉम्बिनेशन में बड़ा बदलाव आया है। सीएसके ने अपनी टीम में दो विदेशी ऑलराउंडरों को शामिल किया है जबकि एसआरएच ने खलील (बाएं हाथ के गेंदबाज) और एलिस (डेथ ओवर स्पेशलिस्ट) को लाकर अपने पेस अटैक को मजबूत किया है। सबसे अहम बदलाव लिविंगस्टन का है, जिन्हें एसआरएच ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा था। टूर्नामेंट के आधिकारिक बयान के अनुसार, अब वह 13 करोड़ से आधी से भी कम कीमत यानी 6 करोड़ रुपये में सीएसके से जुड़ रहे हैं। आईपीएल 2026 में लिविंगस्टन का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने दो मैचों में केवल 15 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा था।
एडवर्ड्स भी 3 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस के साथ सीएसके जा रहे हैं। दूसरी ओर, एसआरएच ने खलील के रूप में एक पुराने खिलाड़ी की वापसी कराई है, जो 2018 से 2021 तक इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। वह 4.8 करोड़ रुपये की अपनी मौजूदा फीस पर एसआरएच में वापस आ रहे हैं।