T20 World Cup: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। आईपीएल के पहले सीजन की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स (आरआर) 30 मार्च को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ अपने नए अभियान की शुरुआत करेगी, जिससे पहले श्रीलंकाई सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर दासुन शनाका पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) छोड़कर आईपीएल में आरआर के खेमे में शामिल हो सकते हैं, जो ग्रोइन इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके सैम करन की जगह लेंगे।
शनाका पिछले साल अबू धाबी में हुए आईपीएल ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे, और बाद में पीएसएल के आगामी सीजन के लिए लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 75 लाख पाकिस्तानी रुपया में खरीदा था। अगर इसकी पुष्टि होती है, तो शनाका जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद दूसरे ऐसे खिलाड़ी होंगे, जो इस साल पीएसएल छोड़कर आईपीएल में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल साउथ अफ्रीकी सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने भी इसी तरह पीएसएल छोड़कर आईपीएल में जाने का फैसला किया था, जिन्होंने पेशावर जाल्मी को छोड़कर मुंबई इंडियंस (एमआई) के साथ करार किया था। इसके बाद पीएसएल ने उन पर एक साल का बैन लगा दिया था।