Sri Lanka: भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का मानना है कि श्रीलंका के उमस भरे मौसम में रिवर्स स्विंग पाने के लिए तेज गेंदबाजों को गेंद की चमक और सूखापन बनाए रखना होगा।
प्रसिद्ध ने कहा कि टीम असरदार प्रदर्शन के लिए आसान और अनुशासित लेंथ पर भरोसा कर रही है। पहली पारी में 462 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारत को गेंदबाजों और फील्डरों दोनों से अतिरिक्त प्रयास की जरूरत होगी ताकि गेंद पिच से मूवमेंट के लिए सही स्थिति में रहे।
प्रसिद्ध ने ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत में कहा, "यह निश्चित रूप से मुश्किल है। मुझे लगता है कि यहीं पर फील्डरों और बाकी लोगों की भूमिका अहम हो जाती है- गेंद को सूखा रखना और गेंदबाजों की मदद करना। दौड़ते समय गेंद को कम से कम छुएं, बस पकड़ें और फिर दौड़ें। हालांकि, मुझे लगता है कि यह भी एक हुनर है। गेंदबाज के तौर पर आपको कोई तरीका खोजना होगा, जैसे रिस्टबैंड पहनना या हर समय पीठ के पीछे तौलिया रखना। तो ऐसी कोई चीज काम आएगी।" ।