मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है।
यह इस सीजन में धीमी ओवर गति से जुड़ा मुंबई इंडियंस का दूसरा मामला था। इसलिए, पांड्या पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। आईपीएल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इम्पैक्ट प्लेयर और कन्कशन सब्स्टीट्यूट सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से 6 लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
इससे पहले, लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत, शुभमन गिल (गुजरात टाइटन्स), अक्षर पटेल (दिल्ली कैपिटल्स), संजू सैमसन (राजस्थान रॉयल्स), रजत पाटीदार (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु), रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स) और हार्दिक पांड्या (मुंबई इंडियंस) पर इस सीजन में धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना किया गया।