Rajasthan Royals: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि निडर सोच और अपने नैचुरल गेम पर भरोसा ही उनकी शानदार पारी की सबसे बड़ी वजह रही। इसी दमदार बल्लेबाजी के सहारे आरआर ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ आईपीएल 2026 के 36वें मैच में 228/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
15 वर्षीय वैभव ने 37 गेंदों में 12 छक्कों और 5 चौकों के साथ 103 रन बनाए। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी पर बात करते हुए वैभव ने बताया कि उनकी आक्रामक शुरुआत के पीछे कोई तय योजना नहीं थी, यहां तक कि मैच की पहली ही गेंद पर छक्का लगाने की भी कोई खास योजना नहीं थी।
सूर्यवंशी ने अपनी पारी के बाद ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "पहली गेंद पर छक्का लगाने की कोई खास योजना नहीं थी, लेकिन मैच से पहले हमारी बातचीत हुई थी। यश भैया (यशस्वी जायसवाल) ने कहा था कि हमें आज खुलकर खेलना चाहिए। अगर हमें पहली गेंद से ही मौका मिलता है, तो हमें अपने खेल पर भरोसा रखना चाहिए, और ठीक वैसा ही हुआ।"