Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 में मंगलवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले गए मुकाबले में सीएसके के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने अपनी चमक बिखेरी। म्हात्रे की तूफानी पारी टीम की जीत में अहम रही। मैच के बाद सीएसके के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने म्हात्रे की प्रशंसा की।
जियोहॉटस्टार के कार्यक्रम 'गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव' पर जियोस्टार एक्सपर्ट रविचंद्रन अश्विन और डेल स्टेन के साथ बात करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस ने आयुष म्हात्रे के बारे में कहा, "म्हात्रे खास हैं। वह युवा हैं और जिस तरह से खेलते हैं, वैसे ही खेलते रहें। मेरी उनसे यही इच्छा है कि वह खुद के प्रति सच्चे रहें, अपने खेल का आनंद लें, और चाहे कुछ भी हो, अपने खेल में बदलाव न करें। करियर में उतार-चढ़ाव आएंगे, लेकिन यह देखना शानदार है कि वह कैसे खेलते हैं। वह असल में बॉल-बाय-बॉल खेलते हैं, रिएक्ट करते हैं, और उसे वहीं मारते हैं जहां उसे जाना चाहिए।"
आयुष म्हात्रे ने केकेआर के खिलाफ हुए मुकाबले में 17 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली थी। उनकी इस पारी की बदौलत सीएसके 192 तक पहुंच सकी और केकेआर को 160 पर रोक कर 32 रन से जीत हासिल की। डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 29 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली थी।