अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी पेशेवर फुटबॉल में 900 गोल करने वाले इतिहास के सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए। मेसी ने नैशविले एससी के खिलाफ इंटर मियामी के कॉनकाकाफ चैंपियंस कप मैच में अपना ऐतिहासिक गोल किया। हालांकि इस गोल के बावजूद मेसी की टीम कॉनकाकाफ चैंपियंस कप से बाहर हो गई।
मेसी ने नैशविले के खिलाफ कॉनकाकाफ चैंपियंस कप के आखिरी-16 के दूसरे लेग के मैच में जियोडिस पार्क में अपने प्रोफेशनल करियर का 900वां गोल किया। यह गोल उन्होंने मैच के 7वें मिनट में किया। अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने अपना आठवां कॉनकाकाफ चैंपियंस कप गोल किया और इंटर मियामी के लिए दो गोल में असिस्ट भी कर चुके हैं।
मेसी अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ 900 या उससे ज्यादा गोल करने वाले दुनिया के मात्र दूसरे फुटबॉलर हो गए हैं। रोनाल्डो ने सितंबर 2024 में क्रोएशिया के खिलाफ पुर्तगाल के लिए खेलते हुए अपने 900 गोल पूरे किए थे।