भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को कोलंबो में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तान को हरा दिया। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर शिवम दुबे के कोचों ने जीत के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा की है।
आईएएनएस से बात करते हुए रोहित शर्मा के कोच दिनेश लाड ने कहा, "भारत की जीत का उन्हें पहले से विश्वास था। मुझे पता था कि पाकिस्तान दबाव में खेलेगा और भारत मैच जीतेगा। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की। उनकी बल्लेबाजी मैच का टर्निंग पॉइंट रही। शिवम दुबे, रिंकू सिंह और अन्य खिलाड़ियों ने भी अहम योगदान दिया। गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए शुरुआती विकेट लेकर दबाव बनाया।"
उन्होंने कहा, "भारतीय टीम पिछले छह महीनों से लगातार अच्छा खेल रही है और यह एक मजबूत व संतुलित यूनिट है। टीम आत्मविश्वास के साथ खेलती है, जबकि पाकिस्तान दबाव में आ जाता है। इसी आत्मविश्वास के दम पर भारत ने शानदार जीत हासिल की।"