ICC T20 World Cup: पॉल स्टर्लिंग ने आयरलैंड के टी20 इंटरनेशनल कप्तान का पद छोड़ दिया है। हालांकि, स्टर्लिंग एक दिवसीय क्रिकेट में टीम की कप्तानी करते रहेंगे। हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
आयरलैंड की टीम ने 2028 में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए योजना बनाना शुरू कर दी है और इसी कारण 35 वर्षीय स्टर्लिंग ने इस फॉर्मेट से बतौर कप्तान दूरी बनाने का फैसला लिया है। स्टर्लिंग को अक्टूबर 2023 में वनडे और टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था और वह टी20 विश्व कप 2026 में टीम की कप्तानी करते नजर आए थे।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हुए इस टूर्नामेंट में पांच टीमों के ग्रुप बी में आयरलैंड चौथे स्थान पर रही थी। आयरलैंड को एकमात्र जीत सिर्फ ओमान के खिलाफ ही मिली थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।