कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन सुबह-सुबह जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने अपना आपा खो दिया और कर्नाटक के एक क्षेत्ररक्षक को सिर से टक्कर मार दी। इस घटना के बाद विवाद की स्थिति पैदा हो गई।
घटना जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर में हुई, जब डोगरा और कन्हैया वधावन बल्लेबाजी कर रहे थे। प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डोगरा ने किनारा करके चौका मारा, जिसके बाद डोगरा और फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े फील्डर केवी अनीश के बीच कुछ कहासुनी हुई। डोगरा सीधे अनीश पर झपटे और उनको सिर से मारा। बाद में मयंक अग्रवाल ने बीच-बचाव किया।
इसकी वजह केवी अनीश द्वारा लगातार भड़काऊ शब्दों को बताया जा रहा है। लंबे समय तक भड़काऊ शब्द सुनने के बाद डोगरा अपना आपा खो बैठे और हमलावर हो गए।