रणजी ट्रॉफी: मध्यप्रदेश को 56 रन से हराकर पहली बार सेमीफाइनल में पहुंची जम्मू-कश्मीर (Image Source: IANS)
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जम्मू-कश्मीर ने मध्यप्रदेश को हराकर टॉप 4 में अपनी जगह बनाई है।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने मध्यप्रदेश को चौथी पारी में जीत के लिए 291 रन का लक्ष्य दिया था। मध्यप्रदेश 234 रन पर सिमट गई और 56 रन से मुकाबला हार गई।
मैच पर नजर डालें तो मध्यप्रदेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। जम्मू-कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 194 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाज शुभम खजौरिया ने 60 और कप्तान पारस डोगरा ने 33 रन बनाए थे।