Jay Shah: बीसीसीआई की दिव्यांग क्रिकेट समिति के सदस्य रविकांत चौहान ने दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट को बढ़ावा देने में समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए आईसीसी चेयरमैन जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का आभार व्यक्त किया है।
रविवार को जारी एक बयान में पूर्व शारीरिक दिव्यांग क्रिकेटर रविकांत चौहान ने कहा, "जय शाह जी के समर्थन, समझ और दिव्यांग क्रिकेट के प्रति प्रतिबद्धता के लिए हम उनका हृदय से धन्यवाद करते हैं। हमारी बात सुनने, खिलाड़ियों की यात्रा को समझने और बीसीसीआई स्तर पर इस खेल को अधिक महत्व देने की उनकी पहल ने खिलाड़ियों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाया है।"
शुक्रवार को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित बोर्ड की 95वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में राज्य क्रिकेट संघों को दिव्यांग क्रिकेटरों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बैठक में राज्य संघों से खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।