रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने पिछले महीने उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक निजी समारोह में कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर से शादी कर ली। यश आईपीएल 2025 में चैंपियन बनी आरसीबी टीम का हिस्सा रहे थे, और उन्होंने 15 मुकाबलों में 13 विकेट निकाले थे।
रविवार को सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी 4 फरवरी को हुई थी और इसमें केवल करीबी परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर शादी के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, यश की पत्नी श्वेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दयाल के साथ बिताए पलों का एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है।
यश दयाल की पत्नी श्वेता पुंडीर दिल्ली की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्लॉगर हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर साढ़े पांच लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उन्होंने इंटरकॉन्टिनेंटल लेजेंड्स लीग के लिए एक ब्रॉडकास्टर के तौर पर भी काम किया है। यश ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक भरोसेमंद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के तौर पर धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई है। यश दयाल ने साल 2022 में आईपीएल में अपना डेब्यू गुजरात टाइटंस की तरफ से किया था।