Indian Premier League: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए।
आरसीबी के खिलाफ मिली जीत के बाद कमिंस ने कहा, "हमने जो स्कोर बनाया, वह बहुत शानदार था। बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। हर कोई अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। यह एक बहुत अच्छा विकेट था। हम जानते थे कि बहुत सी चीजें हमारे पक्ष में होनी थीं। हां, यह करीब था। मुझे लगता है कि वे यह पक्का करने की कोशिश कर रहे थे कि वे उस स्कोर तक पहुंचें, ताकि पहले क्वालिफायर में उनकी जगह पक्की हो सके। हमने उनके खिलाफ कुछ अलग चीजें करने का प्रयास किया, लेकिन यह फिर भी एक बड़ी जीत है।"
एसआरएच के कप्तान ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा, "गेंदबाज शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मैंने असल में उन लोगों से भी बहुत कुछ सीखा है। जिस तरह से ईशान मलिंगा ने पूरे सीजन में गेंदबाजी की है, खासकर पावरप्ले में, वह लाजवाब है। वह अपनी धीमी गेंदों और अलग-अलग चीजों को मिक्स करने के साथ टीम की ओर से सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे हैं। साकिब हुसैन ने भी अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है।"