भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने साउथ अफ्रीका टी20 लीग 2025-26 से कोच के रूप में अपने करियर का आगाज किया है। लीग में वह प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच हैं। गांगुली की बतौर हेड कोच पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। उनकी टीम प्रिटोरिया को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स इस्टर्न कैप के बीच सोमवार को ग्केबेरहा में मुकाबला खेला गया। सनराइजर्स इस्टर्न कैप ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ने क्विंटन डि कॉक और मैथ्यू ब्रिट्ज्के की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए।
पारी की शुरुआत करने डि कॉक ने 47 गेंद पर 6 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 77 रन बनाए। मैथ्यू ब्रिट्ज्के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने 33 गेंद पर 1 छक्का और 7 चौकों की मदद से 52 रन की पारी खेली। डि कॉक और ब्रिट्ज्के के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी हुई। इसी साझेदारी की बदौलत टीम 188 तक पहुंच पाई। जॉर्डन हरमन ने भी 20 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौकों की मदद से 37 रन बनाए।