न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को 253 रन से अपने नाम किया। कीवी टीम की जीत में तेज गेंदबाज मैट हेनरी का अहम योगदान रहा, जिन्होंने कुल 11 विकेट हासिल किए। इसी के साथ मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।
केनिंग्टन ओवल में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में सिर्फ 391 रन पर सिमट गई। इस पारी में ग्लेन फिलिप्स ने 18 चौकों के साथ 100 रन की पारी खेली, जबकि टॉम ब्लंडेल ने 51 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने 44 रन और काइल जेमीसन ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। मेजबान टीम की तरफ से जैकब बेथेल ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में इंग्लिश टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 291 रन पर सिमट गई। इस पारी में एमिलियो ने 53 रन बनाए, जबकि मैथ्यू फिशर ने नाबाद 50 रन की पारी खेली। कप्तान जो रूट ने 46 रन इंग्लैंड के खाते में जोड़े। मेहमान टीम की तरफ से मैट हेनरी ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए।