Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा। केकेआर की यह इस सीजन की चौथी हार है। मंगलवार को इस हार के साथ ही केकेआर के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।
आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब केकेआर शुरुआती 5 मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज करने में नाकाम रही है। इस सीजन केकेआर ने अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 4 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से मिले 193 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी।
फिन एलन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि सुनील नरेन 17 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद खलील अहमद का शिकार बने। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 17 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंगकृष रघुवंशी भी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए।