भारतीय ओपनर पृथ्वी शॉ ने फैंस के लिए एक भावुक मैसेज लिखा है। शॉ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के लिए अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में शामिल होने जा रहे हैं। दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज को ऑक्शन में दिल्ली ने 75 लाख रुपये में खरीदा है। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है।
पृथ्वी शॉ का दिल्ली के साथ लंबा जुड़ाव सात सीजन के बाद खत्म हो गया था। आईपीएल 2025 के ऑक्शन से पहले दिल्ली ने 26 वर्षीय बल्लेबाज को रिलीज कर दिया था। इसके बाद आईपीएल 2025 के ऑक्शन में शॉ को खरीदने के लिए किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। यही वजह रही थी कि पिछले सीजन पृथ्वी शॉ इस लीग में खेलते हुए नजर नहीं आए थे।
आईपीएल 2026 ऑक्शन की शुरुआत में भी टीमें पृथ्वी शॉ पर दांव लगाने से बचती नजर आई थीं। हालांकि, शॉ की किस्मत ने एक्सीलरेटेड फेज (तेज गति से होने वाला ऑक्शन) में साथ दिया था। इस आखिरी राउंड में चुने गए 11 खिलाड़ियों में से एक शॉ भी थे और उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया।