Indian Premier League: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 55 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने एसआरएच के गेंदबाजों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एसआरएच के गेंदबाजों ने धीमी गेंदों का शानदार तरीके से इस्तेमाल किया, जिसके चलते रन बनाने में मुश्किल आई।
मैच के बाद आरसीबी के कप्तान रजत ने कहा, "मुझे लगता है कि उनके टॉप पांच बल्लेबाजों ने बहुत अच्छा खेला, और उन्होंने पहली इनिंग में पूरी तरह से दबदबा बनाया।" पिच को लेकर बात करते हुए रजत ने कहा, "सच में नहीं, लेकिन मुझे लगता है कि धीमी बाउंसर कारगर साबित हो रही थी। एसआरएच के गेंदबाजों ने शानदार अंदाज में धीमी बाउंसर और यॉर्कर का इस्तेमाल किया। यकीनन पहले स्थान पर रहना हमारी प्राथमिकता थी, लेकिन मुझे लगता है कि पहली पारी में बहुत रन बन गए थे। इस विकेट पर मेरे हिसाब से 255 रनों का स्कोर काफी अच्छा टोटल है।"
रजत ने माना कि धीमी गेंदों के खिलाफ रन बनाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उनके पांच गेंदबाजों ने धीमी बाउंसर और यॉर्कर का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। हैदराबाद का विकेट काफी अच्छा है, लेकिन जब आप धीमी बाउंसर डालते हैं और गेंद को धीमी रफ्तार के साथ फेंकते हैं, तो मुझे लगता है कि बल्लेबाजों के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल होता है।"