श्रीलंका को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच मे 165 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड मानते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में श्रीलंका की ओपनिंग पार्टनरशिप सबसे खराब रही है। इसके अलावा, उन्होंने देवदत्त पड्डिकल और मानव सुथार के प्रदर्शन को भी सराहा है।
गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने 167 और 44 रन की पारियां खेलीं। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के जरिए हुई वर्चुअल बातचीत में श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने 'आईएएनएस' से कहा, "पडिक्कल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वो जानते हैं कि उन्हें क्या करना है। वह अपनी ताकत का बहुत अच्छे से इस्तेमाल करते हैं, जैसे कि उनकी पहुंच और पैरों का इस्तेमाल। धीमी पिच पर खेलना असल में एक कला है। यह आसान लग सकता है, लेकिन हर कोई रन नहीं बना पाता, जैसा कि आपने पूरे टेस्ट मैच में देखा होगा। बाकी सभी को संघर्ष करना पड़ा, ज्यादातर खिलाड़ियों को परेशानी हुई। वह आत्मविश्वास में हैं और सभी फॉर्मेट में अच्छा खेल रहे हैं। उन्होंने शानदार क्लास और क्वालिटी दिखाई है और भारत उनसे काफी उम्मीद कर सकता है।"
मानव सुथार ने पहले टेस्ट में शानदार ऑलराउंडर खेल दिखाया। उन्होंने 24 और 9 रन बनाने के साथ मैच में कुल 10 विकेट चटकाए। अर्नोल्ड ने इस खिलाड़ी की तारीफ में कहा, "सादगी और सब्र ही मानव सुथार की असल ताकत है। श्रीलंकाई पिचों पर हम अक्सर कहते हैं कि वहां नेचुरल वेरिएशन मिलते हैं और कुछ स्पिनर्स के पास बहुत स्किल होती है, जैसे मुरली या वॉर्न, लेकिन जिन दूसरे खिलाड़ियों ने अच्छा किया है, उन्होंने सादगी और सब्र से काम लिया है। इसका सबसे अच्छा उदाहरण रंगना हेराथ हैं। सुथार भी बिल्कुल वैसा ही कर रहे थे। वह पिच पर आकर अपनी पेस और बॉल रिलीज करने के तरीके में बदलाव कर रहे थे, लेकिन सब कुछ सही जगह पर था। उन दोनों की यही अच्छी बात थी। सुथार का सब्र ही उन्हें आगे ले गया और इसे बनाए रखना मुश्किल होता है।"