भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है। रविवार को सिडनी में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने डीएलएस नियम के मुताबिक 21 रन से जीत हासिल की।
टॉस भारत ने जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 27 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया था। तीसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और एलिसे पेरी के बीच 41 रन की साझेदारी हुई। 68 के स्कोर पर पेरी (20 रन) का विकेट गिरा। इसके बाद विकेटों के लगातार गिरने का सिलसिला जारी रहा। पूरी टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी 5 विकेट मात्र 12 रन के अंदर गंवा दिए। जॉर्जिया वॉरहेम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए।
भारत की तरफ से दाएं हाथ की तेज गेंदबाज अरुंधती रेड्डी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लिए। यह उनके टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके अलावा, रेणुका ठाकुर ने 2, एन. चरणी ने 2, और क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट लिए।