टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतने की पूरी कोशिश करेंगी।
दोनों ही टीमें सुपर-8 स्टेज में नहीं पहुंच सकी हैं और इस मुकाबले के साथ ही इनका विश्व कप का सफर भी समाप्त हो जाएगा। ऐसे में यह मैच भले ही अहम न हो, लेकिन दोनों ही टीमों के लिए सम्मान की लड़ाई है। खासकर ऑस्ट्रेलियाई टीम का सफर उनके नाम के अनुसार नहीं रहा है। यही वजह है कि जो टीम चैंपियन बनने की दावेदार मानी जा रही थी, वो अब ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है।
वहीं, ओमान की टीम ने विश्व कप में अब तक तीन मैच खेले हैं। तीनों मुकाबलों में उसको हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद भी ओमान की टीम ऑस्ट्रेलिया को हराने की बात कर रही है। ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की फॉर्म को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन इस वक्त अच्छा नहीं है, उनके कैंप में निराशा का माहौल है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को हराने के लिए यह काफी अच्छा समय है। अगर ओमान की टीम ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफल हो जाती है तो विश्व कप में फिर एक बार बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। हाल ही में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर किया है।