टी20 विश्व कप 2026 में आज, यानी रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच यह मैच लंबे समय से चर्चा का केंद्र बना हुआ है। प्रशंसकों को इस मैच का बेसब्री से इंतजार है।
विश्व कप की शुरुआत से पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता की बात करते हुए, भारत के खिलाफ खेलने से इनकार करने की बात कही थी। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना कर दिया था। इसके बाद से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार के बयान चर्चाओं में रहे। मैच होने को लेकर अटकलों का दौर आखिर तब समाप्त हुआ, जब पाकिस्तान ने कहा कि उसने श्रीलंकाई राष्ट्रपति के अनुरोध पर भारत के खिलाफ मैच खेलना स्वीकार कर लिया है।
आज का यह हाई वोल्टेज मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7:00 बजे शुरू होगा। यह मुकाबला ग्रुप ए का है, जहां दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर भारतीय टीम तालिका में शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर काबिज है।