सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड, कोलंबो में टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप बी में शनिवार को खेले गए मुकाबले में आयरलैंड ने ओमान को 96 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। आयरलैंड के कप्तान लॉर्कन टकर इस जीत के हीरो रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद टकर ने डॉकरेल और डेलानी की तूफानी पारियों की भी प्रशंसा की।
मैच के बाद लॉर्कन टकर ने कहा, "हमारा पावरप्ले मिला-जुला रहा। हमने बहुत सारी बाउंड्री लगाईं। हमने विकेट कुछ ज्यादा खो दिए। मुझे लगता है कि हम बस अपना मोमेंटम बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे। पिच अच्छी थी, आउटफील्ड तेज थी। हमने इसका फायदा उठाने की कोशिश की।"
अपनी बल्लेबाजी पर उन्होंने कहा, "शुरुआत में विकेट खो देने के बाद जिम्मेदारी बढ़ जाती है। हमने स्पिन के खिलाफ खेलने की जो योजना बनाई थी, वह सफल रही। हमने बल्लेबाजी के दौरान धैर्य बनाए रखा और मोमेंटम को बरकरार रखा। विपक्षी टीम की खराब गेंदों का फायदा उठाया। इससे हमने अपनी पारी को जमाया।"