भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 फॉर्मेट में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड एलेक्स हेल्स और जोस बटलर की जोड़ी के नाम है। इंग्लैंड की इस सलामी जोड़ी ने भारत के विरुद्ध टी20 वर्ल्ड कप मैच में 170 रन की अटूट साझेदारी की थी। भारत ने इस सेमीफाइनल मैच को 10 विकेट से गंवाया था। आइए, इस मुकाबले के बारे में विस्तार से जानते हैं।
यह मुकाबला एडिलेड के मैदान पर 10 नवंबर 2022 को खेला गया था। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। उसे 1.4 ओवर में केएल राहुल (5) के रूप में बड़ा झटका लगा, जिसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 47 रन की साझेदारी की। रोहित 28 गेंदों में 4 चौकों के साथ महज 27 रन ही जुटा सके। कुछ देर बाद सूर्यकुमार यादव (14) भी चलते बने।