महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। टीम की सदस्य प्रतिका रावल ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की।
दिल्ली सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि प्रतिका को 1.5 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रतिभावान युवा खिलाड़ी प्रतिका रावल का स्वागत किया। हमारी होनहार बेटी प्रतिका ने दिल्ली को गौरवान्वित किया है। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मान देते हुए दिल्ली सरकार द्वारा उन्हें 1.5 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतिका युवा दिल्ली की ऊर्जा, साहस और नए भारत की नारी शक्ति की सजीव छवि हैं। उनकी यात्रा यह बताती है कि दिल्ली सपनों को केवल जन्म नहीं देती, उन्हें उड़ान भी देती है। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।