भारत ने पाकिस्तान को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स मुकाबले में जीत के लिए 253 रन का टारगेट दिया है। भारत की इस पारी में वेदांत त्रिवेदी का अहम योगदान रहा, जिन्होंने अर्धशतक लगाया।
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। अब भारत और पाकिस्तान के बीच अंतिम टिकट हासिल करने की जंग है। टीम इंडिया की निगाहें इस मुकाबले को जीतकर ग्रुप-2 में टॉप पायदान अपने नाम करने पर होंगी।
रविवार को क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में टीम इंडिया 49.5 ओवरों में 252 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज ने वैभव सूर्यवंशी के साथ 7.4 ओवरों में 47 रन जुटाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। वैभव 22 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।