Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 5 विकेट से हराया। इस सीजन की आठवीं हार से एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत बेहद हताश नजर आए।
पंत ने माना कि एलएसजी टीम ने इस मुकाबले में काफी कैच छोड़े, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के बाद पंत ने कहा, "जाहिर तौर पर यह एक शानदार मैच था। सब कुछ ठीक चल रहा था, हमें पता था कि वे हम पर दबाव डाल देंगे, क्योंकि चेन्नई में ऐसा ही होता है। टी20 में फील्डिंग का स्तर अच्छा होना चाहिए, हमने कई कैच छोड़े।"
एलएसजी के कप्तान ने उर्विल की दमदार पारी की सराहना की। उन्होंने कहा, "उर्विल ने एक शानदार, अविश्वसनीय पारी खेली, जैसे हमारे लिए जोश इंग्लिस ने खेली। हमें पता था कि किसी को अटैक करने की जिम्मेदारी लेनी होगी। हमारे के लिए यह काम इंग्लिस ने किया, तो सीएसके के लिए यह जिम्मेदारी उर्विल ने निभाई। हालांकि, हम लड़ते रहे और हमारे पास मौके थे। जिस तरह से हमने शुरुआत की, उसको देखते हुए हम स्कोरबोर्ड पर और रन लगाना चाहते थे। हालांकि, हम जानते थे कि 200-210 के करीब का स्कोर अच्छा है। शुरुआत में बैटिंग करना आसान था और फिर मुश्किल हो गया।"