T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में 4 मार्च को साउथ अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी। साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बनाई है। प्रोटियाज टीम के कप्तान एडेन मार्करम का कहना है कि टीम सेमीफाइनल में भी मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की एक बार फिर कोशिश करेगी।
14 फरवरी को ग्रुप स्टेज के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। हालांकि, मार्करम ने कहा कि उस मुकाबले के बाद से दोनों टीमों ने काफी मैच खेल लिए हैं। उन्होंने कहा, "ग्रुप स्टेज में हमने न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन उस मैच के बाद दोनों टीमों ने बहुत क्रिकेट खेला है।"
मार्करम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, "बुधवार को पूरी तरह से एक नई शुरुआत होगी और यह सेमीफाइनल मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। मुझे नहीं लगता कि न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचना इतना आसान होगा। हम फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।"