टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो चुकी अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट के दौरान ही नया हेड कोच मिल गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जोनाथन ट्रॉट की जगह अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के नए हेड कोच के रूप में रिचर्ड पायबस के नाम की घोषणा की। पायबस श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले टीम से जुड़ेंगे। इस सीरीज का आगाज 13 मार्च से होगा।
जोनाथन ट्रॉट ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच के रूप में बड़ी प्रतिष्ठा कमाई है। उनके कार्यकाल में अफगानिस्तान ने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है और क्रिकेट की दुनिया में एक बड़ा नाम बनकर उभरी है। ऐसे में ट्रॉट के उत्तराधिकारी के रूप में पायबस का नाम कुछ लोगों को चौंका सकता है। हम यहां बताना चाहते हैं कि पायबस भी कोचिंग क्षेत्र के बड़े और प्रतिष्ठित नामों में से एक हैं।
61 साल के रिचर्ड पायबस का जन्म 5 जुलाई 1964 को न्यूकैसल अपॉन टाइन, यूके में हुआ था। बतौर क्रिकेटर उनका करियर बहुत सामान्य रहा है। वह सफोक क्रिकेट टीम के लिए सिर्फ एक प्रथम श्रेणी मैच खेल पाए थे। इस मैच में 4 रन उनके बल्ले से आए थे।