महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पाकिस्तान पर हावी रही है।
टी20 इंटरनेशनल में भारत और पाकिस्तान की अब तक कुल 16 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 13 मुकाबलों में जीत भारतीय टीम के हाथ लगी है। सिर्फ 3 मुकाबलों में ही पाकिस्तान की टीम जीत दर्ज कर सकी है। भारतीय टीम रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। भारतीय टीम और पाकिस्तान की आखिरी भिड़ंत साल 2024 में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी, जहां भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी से धमाकेदार प्रदर्शन की आस होगी। दोनों को ही इंग्लैंड की परिस्थितियां काफी रास आती है। मंधाना ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली 10 पारियों में 239 रन बनाए हैं। वहीं, शेफाली ने 4 मुकाबलों में 121 रन बनाए हैं।