'आपको उन चीजों पर भी नजर डालनी चाहिए जो ठीक-ठाक रहीं': हार के बाद वेटोरी ने बढ़ाया SRH का हौसला (Image Source: IANS)
ICC Men: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को छह विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद एसआरएच के हेड कोच डेनियल विटोरी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए टीम के प्रदर्शन को 'थोड़ा जंग लगा हुआ, लेकिन चिंताजनक नहीं' बताया।
शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 9 विकेट खोकर 201 रन बनाए, जिसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली।
मैच के नतीजे पर बात करते हुए, डेनियल विटोरी ने माना कि यह उन दिनों में से एक था जिनसे कोई भी बचना चाहेगा, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नतीजे पर अटके रहने के बजाय सकारात्मक बातों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।