चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने सोमवार को भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को आगामी सीजन के लिए अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है।
पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम में जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में टीम के लगातार तीसरी बार प्लेऑफ में न पहुच पाने के बाद यह पद छोड़ दिया था। इसके साथ ही फ्लेमिंग का फ्रेंचाइजी के साथ 18 साल का साथ भी खत्म हो गया।
चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से जारी एक बयान में जहीर ने कहा, "आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना सम्मान की बात है। बतौर क्रिकेटर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना करते हुए उन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है। चेपॉक में सुपरफैंस द्वारा बनाया गया माहौल इसे और भी खास बनाता है। मैं इतने शानदार इतिहास वाली इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"